हल्द्वानी में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने नैनीताल जिले में पर्यटन विभाग की निगरानी और होटल-होमस्टे के संचालन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस त्रिशूल होटल होमस्टे में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुई, वह जांच में नियमों के खिलाफ संचालित पाया गया। इसके बाद प्राधिकरण और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने होटल को सीज कर दिया है।
नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद जागा पर्यटन विभाग
दरअसल, हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में छात्र नेताओं के नाम सामने आए थे। आरोपियों में शामिल धीरज बिष्ट हल्द्वानी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से चुनाव भी लड़ चुका है। घटना के बाद जब संबंधित होटल की जांच की गई तो उसके संचालन में नियमों की अनदेखी सामने आई।
बताया जा रहा है कि होटल लंबे समय से निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित हो रहा था। इसके साथ ही होटल में अवैध गतिविधियों की शिकायतों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब होटल के संचालन और संबंधित विभागों की भूमिका जांच के दायरे में है।
नियमों के खिलाफ चल रहे होटल को किया सीज
इस पूरे मामले ने पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि जब जिले में होटल और होमस्टे के संचालन को लेकर नियम तय हैं और प्रशासन की ओर से समय-समय पर जांच के निर्देश दिए जाते हैं, तो आखिर यह होटल बिना जरूरी नियमों का पालन किए कैसे संचालित होता रहा?
क्या पर्यटन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसकी जांच नहीं की? यदि पहले से अनियमितताएं थीं तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? वहीं, जिला प्रशासन की ओर से पहले भी होटल और होमस्टे की जांच के निर्देश दिए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में यह भी सवाल उठ रहा है कि संबंधित अधिकारियों ने इन निर्देशों का कितना पालन किया और इस होटल के संचालन पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








