दून अस्पताल में चापड़ लेकर पहुंचा युवक गिरफ्तार, डॉक्टरों और कर्मचारियों को दी थी धमकी

देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में चापड़ लेकर पहुंचने और डॉक्टरों व कर्मचारियों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने छोटे भाई के अस्पताल में हुए विवाद की जानकारी मिलने के बाद चापड़ लेकर वहां पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चापड़ बरामद किया है।

दून अस्पताल में चापड़ लेकर पहुंचा युवक गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 29 वर्षीय रौनक मल्होत्रा के रूप में हुई है। वह देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट, हत्या के प्रयास समेत अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसके छोटे भाई का दून अस्पताल में कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था।

विवाद की जानकारी मिलने पर वह शराब के नशे में चापड़ लेकर अस्पताल पहुंच गया। आरोप है कि वहां उसने डॉक्टरों और अन्य लोगों को चापड़ दिखाकर डराया-धमकाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चापड़ बरामद होने के बाद दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ा दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये है मामला

अस्पताल की इमरजेंसी विभाग की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शोभा ने कोतवाली नगर में शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस आया और उसे लहराते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को डराने-धमकाने लगा। इस घटना से अस्पताल में असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ और सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंची। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य जानकारियां जुटाईं। इसके बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को रौनक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लूट, हत्या के प्रयास समेत अन्य संगीन अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.