मां की अर्थी को कंधा देते भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर को निधन हो गया है। आज यानी शनिवार को सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट में होगा। मां को कंधा देते हुए योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए।

मां की अर्थी को कंधा देते भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार के चंडीघाट पर होगा। अंतिम यात्रा सीएम योगी आदित्यनाथ के पैतृक घर पंचूर से सुबह सात बजे निकल गई थी। कुछ ही देर में सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां को कंधा देते ही सीएम योगी भावुक नजर आए। बता दें सीएम की मां की अंतिम यात्रा के दौरान यूपी के कई मंत्री शामिल होंगे।

जिला प्रशासन ने कसी कमर

योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश कैबिनेट के मंत्री और अन्य कई वीआईपी हरिद्वार पहुंच रहे हैं।

मां के अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ वापस लौटेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक समेत यूपी कैबिनेट के कई मंत्री अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उत्तराखंड सरकार के कई मंत्री और विधायक सावित्री देवी की अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार मां के अंतिम संस्कार के बाद योगी आदित्यनाथ वापस लखनऊ लौटेंगे ।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.